चांडिल : अनियंत्रित एथनॉल टैंकर पलटा, कार को लिया चपेट में – बाल-बाल बचे लोग, वनवे मार्ग और धीमी गति से पुल निर्माण को लेकर उठे सवाल

Manbhum Updates
3 Min Read

चिलगु में अनियंत्रित एथनॉल टैंकर पलटा, कार को लिया चपेट में – बाल-बाल बचे लोग, वनवे मार्ग और धीमी गति से पुल निर्माण को लेकर उठे सवाल

चांडिल, 22 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलगु में शनिवार सुबह टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर एथनॉल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते समय टैंकर ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे के समय कार में कोई मौजूद नहीं था और दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, चिलगु में निर्माणाधीन पुल के कारण पिछले करीब दो वर्षों से राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से में वाहनों का परिचालन वनवे किया गया है। करीब एक किलोमीटर तक वाहन एक ही लेन से गुजरते हैं। शनिवार सुबह फोरलेन से डायवर्ट होकर सिंगल लेन में जाने के दौरान एथनॉल टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान टैंकर सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराया।

टैंकर चालक के अनुसार, फोरलेन से सिंगल लेन में प्रवेश करते समय विपरीत दिशा से दो वाहन सामने आ गए। अचानक ब्रेक लगाने के कारण टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने चांडिल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। एनएचएआई और पुलिस के संयुक्त प्रयास से क्रेन की मदद से पलटे टैंकर को उठाकर सड़क किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हुई।

कछुआ गति से हो रहा चिलगु पुल का निर्माण

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चिलगु पुल के निर्माण की धीमी गति को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि पिछले करीब दो वर्षों से मार्ग वनवे होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई हादसों में लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ दुर्घटनाओं में लोगों की जान भी जा चुकी है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि लंबे समय से जारी वनवे व्यवस्था समाप्त हो और इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।

Share This Article