सीसीटीवी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दबोचा, आरोपी की निशानदेही पर चोरी का ऑटो बरामद
जमशेदपुर, 21 अगस्त : जमशेदपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का एक ऑटो भी बरामद किया गया है।
मामला कपाली थाना क्षेत्र से जुड़ा है। बताया गया कि 20 अगस्त को बागुनहातु चौक स्थित गुरुद्वारा-मस्जिद के पास से मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में आजादनगर थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी अनुसंधान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस को चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले युवक की पहचान दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में हुई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आजादनगर और कपाली क्षेत्र में लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में नूर कॉलोनी रोड पर पुलिस द्वारा की जा रही चेकिंग के दौरान दानिश अंसारी उर्फ राजा को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने आजादनगर थाना क्षेत्र से एक ऑटो चोरी करने की बात भी स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का ऑटो भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मानगो, सीतारामडेरा और आजादनगर थाना में चोरी समेत अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों में भी आरोपी की संलिप्तता की जांच की जा रही है।




