चाकू की नोक पर लूट, दो आरोपी गिरफ्तार – हाई स्कूल के पास युवक से 1700 रुपये लूटने का आरोप, चाकू और 1200 रुपये बरामद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चाकू की नोक पर लूट, दो आरोपी गिरफ्तार – हाई स्कूल के पास युवक से 1700 रुपये लूटने का आरोप, चाकू और 1200 रुपये बरामद

जमशेदपुर, 21 अगस्त : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने चाकू और लूट की रकम में से 1200 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग है, जबकि दूसरे की पहचान राहुल पात्रो उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। पुलिस मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।

घटना 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे की है। पुलिस के अनुसार आकाश कुमार नामक युवक रेलवे हाई स्कूल के पास से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रोक लिया और पैसों की मांग करने लगे। आकाश द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और उस पर हमला कर दिया। इसके बाद उसकी जेब से 1700 रुपये लेकर तीनों मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बागबेड़ा थाना पुलिस और गठित छापामारी दल ने वायरलेस के माध्यम से इलाके में घेराबंदी की।

इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूट की रकम में से 1200 रुपये बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस अब मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article