

प्रमाण पत्र बनने से पेंशन समेत सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता होगा आसान
पोटका, 19 अगस्त : फाइलेरिया से प्रभावित मरीजों को सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘मिशन स्वाभिमान’ के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे फाइलेरिया मरीजों की चिकित्सकीय जांच की गई, जिसके बाद कुल 61 मरीजों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए।


दिव्यांग प्रमाण पत्र बनने के बाद पात्र मरीजों के लिए दिव्यांग पेंशन समेत सरकार की विभिन्न योजनाओं और कल्याणकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करना आसान हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से फाइलेरिया से प्रभावित लोगों को सामाजिक सुरक्षा और सरकारी सहायता से जोड़ने में मदद मिलेगी।


कार्यक्रम में ऑर्थो सर्जन डॉ. तपस कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट, बीएचएम अनामिका कुमारी, एमटीएस सुनील तिर्की और एमपीडब्ल्यू अवधेश प्रसाद समेत तुषार मंडल, दीपांकर भगत, उपेंद्र मदीना, संजय सिंह एवं देबाशीष भगत मौजूद रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी बीटीटी, सहिया साथी दीदियों और सहिया दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, पिरामल टीम के शशि भूषण प्रसाद और आर. अंजली ने भी आवश्यक सहयोग किया।





स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं की ओर से आयोजित इस पहल को फाइलेरिया मरीजों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने और उनके अधिकारों तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

























