दिशोम गुरु के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प, कुकड़ू में प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
कुकड़ू, 04 अगस्त : पद्म भूषण से सम्मानित एवं झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड 20 सूत्री कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन झारखंड की पहचान, जल–जंगल–जमीन की रक्षा और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उन्होंने सामाजिक न्याय और जनहित की लड़ाई को जनआंदोलन का स्वरूप दिया, जिसकी प्रेरणा आज भी समाज और नई पीढ़ी को मिलती है।
वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु का संघर्ष, सादगी और जनसेवा की भावना हमेशा लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उपस्थित लोगों ने उनके बताए आदर्शों पर चलने तथा झारखंड के विकास और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृत्तिवास महतो, सेवानिवृत्त शिक्षक निरंजन महतो, गुणाधर महतो, धीरज महतो सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।