अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की कार्रवाई, लगभग 290 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त, एक गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की कार्रवाई, लगभग 290 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त, एक गिरफ्तार

जमशेदपुर, 02 अगस्त : वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। निरीक्षक उत्पाद, धालभूम प्रक्षेत्र कुमार सत्येंद्र के नेतृत्व में शनिवार की देर शाम बागबेड़ा एवं जुगसलाई थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत वायरलेस मैदान के समीप अवैध चुलाई शराब की बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की गई। स्थानीय महिलाओं के विरोध के बावजूद उत्पाद टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में अवैध चुलाई शराब जब्त की। इसके अतिरिक्त बागबेड़ा थाना के पीछे गुरुद्वारा मैदान के समीप स्थित पार्वती देवी के घर से भी अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।

अभियान को आगे बढ़ाते हुए जुगसलाई थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन किनारे स्थित खटीक मोहल्ला तथा दुखु मार्केट के सामने अवैध चुलाई शराब की बिक्री के तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब बरामद की गई तथा अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त गोपाल राय को गिरफ्तार किया गया।

दोनों थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल लगभग 290 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत कुल 05 अभियोग दर्ज किए जा रहे हैं, जिनमें एक अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई है।

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध इस प्रकार की सघन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Share This Article