नवनिर्मित पंचायत सचिवालय का जिप उपाध्यक्ष ने किया औचक निरीक्षण, विकास कार्यों का लिया जायजा
कुकड़ू, 28 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ओड़िया के नवनिर्मित पंचायत सचिवालय भवन का जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सचिवालय के विभिन्न कक्षों, बैठक हॉल, शौचालय समेत अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही ओड़िया में स्थापित सोलर ऊर्जा आधारित डीप बोरिंग का भी निरीक्षण किया।
मधुश्री महतो ने बताया कि उनके प्रयास से धरती आबा जनजातीय ग्राम ऊर्जा योजना के तहत ओड़िया पंचायत में 23 सोलर ऊर्जा संचालित डीप बोरिंग स्थापित किए गए हैं। इसके माध्यम से पंचायत के घर-घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण पिछले 30 वर्षों से पंचायत सचिवालय भवन की मांग कर रहे थे। जिला परिषद मद से भवन का निर्माण पूरा होने के बाद अब पंचायत स्तर के सभी कार्य एक ही स्थान पर संचालित होंगे। इससे मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत समिति सदस्य समेत अन्य विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को कार्य निष्पादन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीणों को भी योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को सपादा गांव के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की समस्या से अवगत कराया था, जिस पर संबंधित अधिकारियों को पत्राचार करने का आश्वासन दिया गया है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान लंबित पेंशन, मैया सम्मान योजना से वंचित लाभुकों तथा जर्जर सड़कों जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मधुश्री महतो ने कहा कि पिछले चार वर्षों में कुकड़ू प्रखंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, उपस्वास्थ्य केंद्र, गोदाम, आधुनिक बस स्टैंड, पंचायत भवन, सिंचाई के लिए डीप बोरिंग, पीसीसी सड़क, नाली निर्माण तथा तालाबों के जीर्णोद्धार सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मुखिया प्रतिनिधि पहाड़ सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान गंगाधर महतो, रोहिन महतो, पापुण महतो, आशीष महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।