उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई नगर निकायों की समीक्षा बैठक, नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार, स्वच्छता, जल निकासी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई नगर निकायों की समीक्षा बैठक, नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार, स्वच्छता, जल निकासी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर

जमशेदपुर, 27 जुलाई : समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिले के सभी नगर निकायों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों द्वारा संचालित विभिन्न नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जन शिकायतों के निष्पादन तथा विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को नागरिकों को बेहतर, सुगम एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।

बैठक में बरसात के मौसम को देखते हुए नालों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा जलजमाव की संभावित समस्या वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, साफ-सफाई एवं जनजागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, घर-घर कचरा संग्रहण की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने एवं प्रमुख सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने नगर निकायों को जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन, अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण पर नियमानुसार कार्रवाई, सार्वजनिक परिसंपत्तियों के संरक्षण तथा सभी विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित नगर निकायों के नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी व अन्य संबंधित उपस्थित थे।

Share This Article