समाज कल्याण विभाग की हुई समीक्षा बैठक, डीसी ने आंगनबाड़ी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का दिया निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

समाज कल्याण विभाग की हुई समीक्षा बैठक, डीसी ने आंगनबाड़ी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का दिया निर्देश

जमशेदपुर, 27 जुलाई : समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न महिला एवं बाल विकास योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी तथा महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी परियोजना क्षेत्रों में आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाते हुए 15 अगस्त से पूर्व चयन प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन निर्बाध रूप से सुनिश्चित किया जा सके।

उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए मनरेगा अभिसरण के अंतर्गत चाकुलिया, धालभूमगढ़, घाटशिला, गोलमुरी सह जुगसलाई एवं जमशेदपुर सदर परियोजना क्षेत्रों में भूमि चिह्नित कर शीघ्र जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को प्रतिदिन पोषण ट्रैकर ऐप पर आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन एवं लाभुकों की उपस्थिति की अद्यतन प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा योग्य लाभुकों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को क्षेत्र भ्रमण, नियमित अनुश्रवण तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

Share This Article