जमशेदपुर : नगर आयुक्त ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
जमशेदपुर, 25 जुलाई : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद ने शहर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मोहारदा स्थित जल शोधन संयंत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बिरसानगर आवासीय परियोजना, वाहन शेड तथा अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों का निरीक्षण किया।
मोहारदा जल शोधन संयंत्र में नगर आयुक्त ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, संयंत्र के संचालन और रखरखाव की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरवासियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी उपकरणों का नियमित रखरखाव और समय-समय पर तकनीकी निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) परियोजना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवास परिसर की साफ-सफाई, जलापूर्ति, बिजली, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लाभार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वाहन शेड के निरीक्षण में नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों सहित अन्य नगर निकाय वाहनों की स्थिति और रखरखाव की समीक्षा की। उन्होंने नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि स्वच्छता एवं नागरिक सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित होती रहें।
नगर आयुक्त ने कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी कमी पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।