सरायकेला के आशीष कुमार दास की उपलब्धि पर गौरवान्वित हुआ जिला, इन्फोसिस में CEO Designate नियुक्त
सरायकेला, 24 जुलाई : देश की अग्रणी आईटी कंपनी इन्फोसिस में CEO Designate नियुक्त किए गए सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के कृष्णापुर गांव निवासी आशीष कुमार दास की उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी का माहौल है। नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले, झारखंड और देश के लिए गौरव का क्षण बताया।
मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर विश्वस्तरीय कॉर्पोरेट नेतृत्व तक पहुंचना आशीष कुमार दास की मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कुड़मा मध्य विद्यालय, राजनगर हाई स्कूल और टाटा कॉलेज, चाईबासा से शिक्षा प्राप्त करने वाले आशीष ने यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
उन्होंने कहा कि आशीष कुमार दास की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं में भी बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा। यह उपलब्धि सरायकेला-खरसावां का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ से आशीष कुमार दास के सफल, उज्ज्वल और यशस्वी कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में इन्फोसिस नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर होगी और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान को और मजबूत करेगी।