आईसीयू में लगी आग, लेकिन नहीं गई एक भी जान – मेडिट्रीना अस्पताल में समय रहते खाली कराया गया वार्ड

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आईसीयू में लगी आग, लेकिन नहीं गई एक भी जान – मेडिट्रीना अस्पताल में समय रहते खाली कराया गया वार्ड

आदित्यपुर, 24 जुलाई : आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना अस्पताल में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आईसीयू (ICU) वार्ड में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि अस्पताल प्रबंधन की त्वरित सूझबूझ और दमकल विभाग की तेजी से की गई कार्रवाई के कारण सभी मरीज सुरक्षित बचा लिए गए और एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले आईसीयू वार्ड में लगी। धुआं और लपटें उठते ही अस्पताल प्रशासन ने बिना देर किए आईसीयू में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्डों में स्थानांतरित कर दिया। इस दौरान अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया।

अस्पताल के स्थानीय प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग बुझाने के लिए पहले अस्पताल में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद तत्काल झारखंड अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हादसे में किसी मरीज, चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि आईसीयू में रखे चिकित्सा उपकरणों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने से अस्पताल प्रबंधन को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है।

घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली और अस्पताल प्रबंधन की तत्परता की सराहना की।

Share This Article