तकनीक बनी मददगार, CEIR पोर्टल से ट्रेस हुए चार गुम मोबाइल, सरायकेला पुलिस ने मालिकों को लौटाए
सरायकेला, 24 जुलाई : मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस मिलना अक्सर लोगों के लिए मुश्किल माना जाता है, लेकिन सरायकेला थाना पुलिस ने तकनीक के प्रभावी उपयोग से चार लोगों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी। पुलिस ने केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से चार गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए और शुक्रवार को आवश्यक सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, गुम मोबाइल की शिकायत मिलने के बाद तकनीकी शाखा की सहायता से सभी मोबाइलों की लोकेशन ट्रैक की गई। इसके बाद मोबाइल बरामद कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनके मालिकों की पहचान की गई। सत्यापन पूरा होने पर चारों मोबाइल उनके स्वामियों को वापस कर दिए गए।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर सभी लोगों ने सरायकेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर की गई पुलिस कार्रवाई के कारण उनका कीमती सामान सुरक्षित वापस मिल सका।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि किसी का मोबाइल गुम या चोरी होने पर घबराने के बजाय तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने के साथ-साथ उसकी ट्रैकिंग और बरामदगी की प्रक्रिया आसान हो जाती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें और मोबाइल गुम होने की स्थिति में बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें तथा CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल बरामद होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।