धालभूमगढ़ में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित, 251 अभ्यर्थियों को मिला लर्नर लाइसेंस

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

धालभूमगढ़ में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित, 251 अभ्यर्थियों को मिला लर्नर लाइसेंस

जमशेदपुर, 21 जुलाई : राज्य सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देश के आलोक में उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार जिले में 02 जुलाई से 08 सितंबर 2026 तक सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज धालभूमगढ़ प्रखंड परिसर में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर का आयोजन किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कुल 287 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। इनमें से निर्धारित प्रक्रिया एवं परीक्षा सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 251 अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया। शेष आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों अथवा अन्य निर्धारित मानकों की पूर्ति नहीं होने के कारण नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस अवसर पर घाटशिला विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बबली कुमारी, मोटरयान निरीक्षक निशांत कुमार महतो एवं ईश्वर लाल साव ने सफल अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।

शिविर के दौरान उपस्थित अभ्यर्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट एवं बुकलेट वितरित करते हुए यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।

Share This Article