एस आई आर को लेकर कपाली नगर परिषद में हुई महत्वपूर्ण बैठक, एसडीओ ने वार्ड पार्षदों को दिया बड़ा दायित्व
चांडिल, 15 जुलाई : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) मौजूदा स्थिति को लेकर चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार की अध्यक्षता में कपाली नगर परिषद कार्यालय के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चाँद, उपाध्यक्ष साबान उर्फ सिंटू, कार्यपालक पदाधिकारी गोपी कृष्णा, सिटी मैनेजर अनवर मेहंदी एवं सभी वार्ड पार्षद, सानुर रहमान, शेख फरीद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के BLA मौजूद रहे।
इस दौरान एसडीओ ने सभी वार्ड पार्षद से अपील करते हुए कहा कि अपने – अपने वार्ड में मतदाताओं को SIR के प्रति जागरूक करें। प्रतिदिन नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाएं और मतदाताओं के बीच SIR प्रक्रिया की सही जानकारी साझा करें। एसडीओ ने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची से नाम काटने के लिए नहीं बल्कि पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से SIR की प्रक्रिया चल रही हैं, इसलिए किसी भी पात्र मतदाता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। एसडीओ ने कहा कि सभी वार्ड पार्षद अपने वार्ड के सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि SIR की प्रक्रिया में कोई भी मतदाता गलत जानकारी अथवा अवैध कागजात नहीं दें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर कपाली नगर परिषद के सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने SIR प्रक्रिया को लेकर जागरूकता अभियान चलाने तथा 29 जुलाई तक निर्धारित तिथि शत प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण एवं भरवाने का संकल्प लिया।