झारखंड सरकार की “उन्नति का पहिया” योजना के तहत छात्राओं के बीच हुआ साइकिल वितरण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड सरकार की “उन्नति का पहिया” योजना के तहत छात्राओं के बीच हुआ साइकिल वितरण

सरायकेला, 14 जुलाई : जिले के सरायकेला में प्रखंड स्तरीय “उन्नति का पहिया” साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां मुख्य रूप से जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी सरदार, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों के हाथों छात्राओं को साइकिल प्रदान किया गया। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। “उन्नति का पहिया” योजना विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय तक उनकी पहुंच को आसान बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, शिक्षकों की नियुक्ति, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग तथा सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों, को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित विद्यालय आने, अनुशासन एवं लगन के साथ अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय, जिले और राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता, आत्मनिर्भरता और समाज निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है।

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुमित्रा सोरेन, जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी सरदार, एनआरआई स्कूल के प्रधानाचार्य वासुदेव राम, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांत्वना जेना, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Share This Article