JNAC में NAMASTE दिवस का आयोजन, स्वच्छता कर्मियों को किया गया सम्मानित एवं सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

JNAC में NAMASTE दिवस का आयोजन, स्वच्छता कर्मियों को किया गया सम्मानित एवं सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

जमशेदपुर, 14 जुलाई : अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) द्वारा आज NAMASTE (National Action for Mechanized Sanitation Ecosystem) दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को बढ़ावा देना तथा यांत्रिक स्वच्छता व्यवस्था को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें उनके स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही स्वच्छता कर्मियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE Kit) के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया तथा सुरक्षित कार्य पद्धतियों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी शपथ दिलाई गई तथा उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के अथक परिश्रम से ही शहर स्वच्छ एवं स्वस्थ बना रहता है। उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में मशीनीकृत सफाई व्यवस्था को बढ़ावा देने, सीवर एवं सेप्टिक टैंकों की मैनुअल सफाई को पूर्णतः समाप्त करने तथा स्वच्छता कर्मियों को उपलब्ध विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। स्वच्छता कर्मियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनते हुए उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद ने सभी स्वच्छता कर्मियों को NAMASTE दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण एवं आधुनिक उपकरणों का उपयोग स्वच्छता कर्मियों के जीवन एवं स्वास्थ्य की रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Share This Article