15 ग्राम ब्राउन शुगर, दो वजन मशीन व 1.70 लाख रुपये नकद बरामद
रांची, 10 जुलाई : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची जिला पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक मोबाइल फोन तथा 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किया है। मामले में तमाड़ थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कल 09 जुलाई को रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस राजा शिव दत्ता मलिक उर्फ राजा के घर पहुंची। इसी दौरान वहां से निकलकर भाग रहे एक युवक को पुलिस ने पीछा कर धर दबोचा। पूछताछ में उसकी पहचान आशिफ खान के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब तीन ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसने यह ब्राउन शुगर राजा शिव दत्ता मलिक से खरीदी थी।
इसके बाद पुलिस ने राजा शिव दत्ता मलिक के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक मोबाइल फोन तथा 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग करने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
गिरफ्तार आरोपियों में बंगाली टोला, तमाड़ निवासी 29 वर्षीय राजा शिव दत्ता मलिक तथा मूल रूप से हटिया के मुस्लिम बस्ती निवासी और वर्तमान में बुंडू के पावर हाउस क्षेत्र में रह रहा करीब 24 वर्षीय आशिफ खान शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।