कपाली नगर परिषद की बोर्ड बैठ संपन्न, कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मिली मंजूरी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली नगर परिषद की बोर्ड बैठ संपन्न, कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मिली मंजूरी


चांडिल, 06 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद के सभागार में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें नगर परिषद क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने की।
बैठक में कपाली नगर परिषद के अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद , उपाध्यक्ष मोहम्मद शबान उर्फ सिंटू, कार्यपालक पदाधिकारी गोपीकृष्णा, सिटी मैनेजर अनवर मेहदी सहित सभी 21 वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे। इस दौरान सर्वसम्मति से 5 नई विकास योजनाओं को पारित किया गया।

बैठक में कपाली नगर परिषद क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बिजली व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। विधायक सविता महतो ने कहा कि नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में आवश्यकता के अनुसार नए बिजली पोल लगाए जाएंगे तथा जर्जर एवं आवश्यक स्थानों पर बिजली के तार भी बदले और लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को बेहतर विद्युत सुविधा मिल सके।

इसके अलावा जलजमाव और पेयजल की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिन क्षेत्रों में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है, वहां जल्द समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

बैठक में साफ-सफाई, स्वच्छता और सुंदर कपाली के निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सभी जनप्रतिनिधियों ने मिलकर स्वच्छ एवं विकसित कपाली बनाने का संकल्प लिया।

Share This Article