कपाली वार्ड-16 में पहली बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल, जलजमाव से लोगों का जीना हुआ मुहाल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली वार्ड-16 में पहली बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल, जलजमाव से लोगों का जीना हुआ मुहाल

चांडिल, 06 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 में हल्की बारिश ने ही नगर परिषद की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। रविवार और सोमवार को हुई बारिश के बाद सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे पूरे इलाके में आवागमन प्रभावित हो गया। सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, बारिश होते ही सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगती है। कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में जोखिम उठाना पड़ रहा है, जबकि बुजुर्गों के फिसलने का खतरा लगातार बना हुआ है।

लोगों का कहना है कि कपाली नगर परिषद होल्डिंग टैक्स, पानी का बिल, सफाई शुल्क सहित अन्य करों की नियमित वसूली तो करती है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि वर्षों से जलनिकासी और सड़क की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया।

वार्ड संख्या 16 के स्थानीय लोगों ने अपने वार्ड पार्षद से मुलाकात कर जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और समुचित जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के चरम दौर में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं, जिससे आम जनजीवन पर व्यापक असर पड़ेगा।

Share This Article