चांडिल के हारुडीह गांव में पांच दिनों से बिजली गुल, उमस भरी गर्मी में ग्रामीण बेहाल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल के हारुडीह गांव में पांच दिनों से बिजली गुल, उमस भरी गर्मी में ग्रामीण बेहाल

चांडिल, 30 जून: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत हारुडीह गांव के ऊपर टोला में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। भीषण उमस और गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, 26 जून को गांव का विद्युत ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर स्थानीय बिजली मिस्त्री को बुलाया गया, जिसने जांच के बाद बताया कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह खराब हो चुका है और उसकी मरम्मत संभव नहीं है। ऐसे में नया ट्रांसफार्मर लगाने की आवश्यकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के अगले ही दिन 27 जून को विद्युत विभाग को लिखित रूप से सूचना देकर नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई थी। बावजूद इसके, पांच दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को उमस भरी गर्मी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में हुई हल्की बारिश के कारण गांव में जहरीले सांप और बिच्छुओं का निकलना बढ़ गया है। अंधेरे के कारण दुर्घटना और सर्पदंश का खतरा भी बना हुआ है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से अविलंब नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी और अंधेरे से राहत मिल सके।

Share This Article