

हूल दिवस पर अमर वीरों को नमन, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सिद्धो-कान्हू व बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
सरायकेला, 30 जून : हूल दिवस के पावन अवसर पर सरायकेला-खरसावां की उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने मंगलवार को सिद्धो-कान्हू पार्क स्थित अमर वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा तथा समाहरणालय परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने हूल क्रांति के महानायक सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो तथा भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों और जननायकों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों ने शोषण, अन्याय और दमन के विरुद्ध संघर्ष कर समाज को नई दिशा दी, जिनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
रीना हांसदा ने कहा कि हूल के अमर वीरों और भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक न्याय, समानता, समरसता और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हूल दिवस के अवसर पर जिलेवासियों ने भी अमर शहीदों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

























