सरायकेला-खरसावां में डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ रवाना, 15 दिनों तक गांव-गांव पहुंचेंगे कृषि योजनाओं की जानकारी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां में डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ रवाना, 15 दिनों तक गांव-गांव पहुंचेंगे कृषि योजनाओं की जानकारी

सरायकेला, 27 जून : जिले के किसानों को कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय परिसर से डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। झारखंड सरकार के निर्देश एवं उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के आदेश के आलोक में आयोजित कार्यक्रम में जिले के दोनों अनुमंडलों के लिए एक-एक कुल दो डिजिटल जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल, जिला पशुपालन पदाधिकारी तथा जिला गव्य विकास पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन के अनुसार, दोनों जागरूकता रथ अगले 15 दिनों तक जिले के दोनों अनुमंडलों की सभी ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान किसानों को कृषि, पशुपालन, डेयरी एवं अन्य संबद्ध विभागों की योजनाओं के साथ-साथ आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

हर पंचायत में होगी किसान संगोष्ठी

अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत में किसान संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इन संगोष्ठियों में किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों का उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, पशुपालन और डेयरी विकास सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, तकनीकी मार्गदर्शन तथा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी दी जाएगी, ताकि वे योजनाओं से जुड़कर कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

किसानों से सहभागिता की अपील

जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि जब डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ उनके पंचायत क्षेत्र में पहुंचे, तो वे किसान संगोष्ठियों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। साथ ही विभागीय अधिकारियों एवं कृषि विशेषज्ञों से योजनाओं और नई कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Share This Article