तालाब में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस
जमशेदपुर, 26 जून : परसुडीह थाना क्षेत्र के पाड़ा टोला स्थित एक तालाब में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तालाब के मालिक की नजर पानी में पड़े एक शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान सागेन हांसदा को इसकी सूचना दी। ग्राम प्रधान ने मामले की जानकारी परसुडीह थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए जांच प्रारंभ की।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल परसुडीह थाना पुलिस अज्ञात शव की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।