सूरत में युवक की संदिग्ध मौत के बाद आदित्यपुर में हंगामा, शव रखकर धरने पर बैठे परिजन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मुआवजा और नौकरी की मांग, कंपनी प्रबंधन ने टिप्पणी करने से किया इनकार

आदित्यपुर, 25 जून : गुजरात के सूरत में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक युवक की मौत के बाद सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को एंबुलेंस में रखकर बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट कंपनी के मुख्य गेट के समक्ष धरना शुरू कर दिया। परिजन मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी 32 वर्षीय साजू केशरी गुजरात के सूरत स्थित जेके पेट्रोलियम कंपनी में कार्यरत थे। बताया जाता है कि 22 जून की रात करीब आठ बजे कंपनी के क्वार्टर में उनका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। शव के गृह क्षेत्र पहुंचते ही परिजनों ने बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट कंपनी के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि साजू केशरी को इसी कंपनी के माध्यम से सूरत भेजा गया था। उनका कहना है कि जब तक कंपनी प्रबंधन उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की घोषणा नहीं करता, तब तक धरना जारी रहेगा।

धरना स्थल पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का भी समर्थन परिजनों को मिला। झामुमो नगर सचिव कृष्णा महतो, नगर उपाध्यक्ष राजेश लाहा, बहादुर किस्कू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। सभी ने मृतक के परिवार को न्याय दिलाने और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की मांग की।

इधर, मामले में कंपनी प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कंपनी के प्रबंधक ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

घटना को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। आरआईटी थाना पुलिस मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्क है।

Share This Article