अनाथ छात्रा की मौत से मचा हड़कंप : कस्तूरबा विद्यालय में पढ़ रही बच्ची ने ब्रेन मलेरिया से तोड़ा दम, व्यवस्था पर उठे सवाल

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जमशेदपुर/पोटका, 25 जून : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका स्थित पीएमश्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की सातवीं कक्षा की छात्रा लख्खी सरदार की ब्रेन मलेरिया से मौत हो जाने के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस घटना ने विद्यालयों में रहने वाले बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा और देखभाल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सानग्राम पंचायत के सानग्राम गांव निवासी लख्खी सरदार के माता-पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। अनाथ होने के कारण परिजनों ने उसकी बेहतर शिक्षा और भविष्य की उम्मीद में उसका नामांकन पीएमश्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कराया था। विद्यालय में पढ़ाई के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे तेज बुखार की शिकायत होने लगी।

बताया जाता है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्रा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका ले जाया गया। वहां से स्थिति गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में भी हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने एमजीएम अस्पताल भेज दिया, जहां इलाज के दौरान बुधवार देर शाम उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा ब्रेन मलेरिया से पीड़ित थी।

घटना के बाद सानग्राम पंचायत के मुखिया ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए विद्यालय की स्वास्थ्य एवं आवासीय व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कस्तूरबा विद्यालयों के संचालन पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन यदि छात्राओं को समय पर पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ब्रेन मलेरिया जैसी बीमारी का समय पर पता चलने और उचित उपचार मिलने पर कई बार मरीज की जान बचाई जा सकती है।

इधर छात्रा की मौत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा आवासीय विद्यालयों की स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है। वहीं, घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग की भूमिका को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।

Share This Article