कपाली मेडिकल दुकान फायरिंग कांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 14 माह बाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता
चांडिल, 22 जून : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली के कबीरनगर स्थित KGN मेडिकल दुकान में फायरिंग, रंगदारी और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस जांच की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने 21 जून को जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगान शाही, रोड नंबर-07 स्थित मुर्दा मैदान के पास से उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामला 5 अप्रैल 2025 की रात का है, जब अपराधियों ने KGN मेडिकल दुकान में घुसकर संचालक साकिब परवेज से रंगदारी की मांग की थी। विरोध करने पर बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग की, दुकान में तोड़फोड़ की और नकदी व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद कपाली ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस जांच में इस कांड से जुड़े आठ आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। वहीं, मुख्य आरोपी घेघा लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल और गोली दानिश कुरैशी उर्फ छोटू की निशानदेही पर पहले ही बरामद की जा चुकी है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सारिक साह उर्फ घेघा का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम तथा ओडिशा के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े आठ मामले दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।