स्ट्रीट फूड वेंडर्स को मिला खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण, 100 विक्रेताओं को प्रमाण पत्र और हाइजीन किट वितरित

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आदित्यपुर, 21 जून : जिले के स्ट्रीट फूड वेंडर्स को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आदित्यपुर स्थित जस्ट चिल रेस्टोरेंट के सभागार में निःशुल्क खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र एवं हाइजीन किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 100 महिला एवं पुरुष फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में रोजगार एवं आजीविका संवर्धन, खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता में सुधार, ग्राहकों के बीच विश्वास निर्माण तथा खाद्य जनित बीमारियों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों और नियमों के पालन के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी विक्रेताओं को निःशुल्क हाइजीन किट प्रदान की गई, जिसमें एप्रन, कैप, ग्लव्स, साबुन, तौलिया, डस्टर एवं हेडगियर शामिल थे। इसके अलावा प्रतिभागियों को FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, गोल्डन रूल्स बुकलेट तथा नेस्ले और नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (NASVI) द्वारा संयुक्त रूप से जारी प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में उपस्थित खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं की आजीविका को सशक्त बनाते हैं, बल्कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विक्रेताओं से प्रशिक्षण में बताए गए मानकों एवं प्रक्रियाओं का पालन करने की अपील की। साथ ही खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों के उपयोग से बचने तथा अखबार में भोजन परोसने की प्रथा को समाप्त करने पर भी बल दिया।

FoSTaC प्रशिक्षक एस. एस. दीपक ने प्रतिभागियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, दुकान एवं ठेले की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तापमान प्रबंधन, बर्तनों एवं उपकरणों की स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल के उपयोग तथा संक्रमण और कीटाणु नियंत्रण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006, खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियम-2011 तथा स्ट्रीट फूड वेंडर्स से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी साझा की।

यह निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (NASVI) द्वारा नेस्ले के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के खाद्य विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाते हुए उपभोक्ताओं तक स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रेरित करना था।

Share This Article