नीमडीह, 21 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सिरका टोला काठालडीह हरिमंदिर से ससांगडीह तक बनने वाली सड़क निर्माण परियोजना का शिलान्यास रविवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने विधिवत नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया।
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि करीब 1.85 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 164.92 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी तथा आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने संवेदक को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक ने नीमडीह प्रखंड के लुपुंगडीह टोला डूमरडीह में सरकारी तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का भी उद्घाटन किया। शिलापट्ट का अनावरण कर उन्होंने कहा कि 12 लाख रुपये की लागत से तालाब का जीर्णोद्धार कराया गया है, जिससे किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने के साथ-साथ ग्रामीणों को भी प्रत्यक्ष लाभ होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य असित सिंह पातर, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, टिंकू राम महतो, विश्वनाथ गोप, रमापति महतो, सुरजीत महतो, मंगल मांझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।