सरायकेला, 20 जून : सरायकेला-खरसावां जिले में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को मासिक बुजुर्ग स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले इस विशेष शिविर के तहत ओल्ड एज होम सरायकेला-खरसावां, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई।
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न प्रकार की जांच की गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने मुख स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, अस्थि एवं जोड़ संबंधी समस्याओं सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) द्वारा रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह (डायबिटीज) की जांच की गई, ताकि गैर-संचारी रोगों की समय रहते पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
स्वास्थ्य जांच के दौरान जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं तथा चिकित्सकों ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना, उम्र संबंधी बीमारियों की समय पर पहचान करना और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना है। विभाग ने सभी वरिष्ठ नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है।