तेज रफ्तार 22 चक्का ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त, चालक गंभीर

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

तेज रफ्तार 22 चक्का ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त, चालक गंभीर

जमशेदपुर, 20 जून : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित वोल्टास गोलचक्कर के समीप शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तेज रफ्तार 22 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर बिष्टुपुर की ओर जा रहा था। वोल्टास गोलचक्कर के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रेलर सीधे डिवाइडर से जा भिड़ा। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के समय ट्रेलर काफी तेज गति में था। कुछ लोगों ने चालक के शराब के नशे में होने की आशंका भी जताई है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर के क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से उसे बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना के समय सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रेलर डिवाइडर से नहीं टकराता तो वह कई वाहनों को अपनी चपेट में ले सकता था, जिससे बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में चालक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। ट्रेलर के सड़क पर क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़े रहने के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Share This Article