मुहर्रम को लेकर ईचागढ़ थाना में शांति समिति की बैठक, एसडीपीओ ने दिए आवश्यक निर्देश
ईचागढ़, 17 जून : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को ईचागढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार विशेष रूप से उपस्थित हुए और त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ ने कहा कि सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक धर्म और समुदाय के लोगों को अपनी परंपराओं एवं धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी गतिविधि से कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि मुहर्रम के दौरान किसी प्रकार की उद्दंडता, अफवाह फैलाने, असामाजिक गतिविधियों अथवा गैरकानूनी कार्यों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन सभी गतिविधियों पर नजर रखेगा और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ ने शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से भी बचने की अपील की।
बैठक में ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव ने भी उपस्थित लोगों को मुहर्रम के दौरान प्रशासनिक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी तथा सभी से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई तथा सभी ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया।