चांडिल : गैलेक्सी इंगोट प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट, दो कर्मी गंभीर रूप से झुलसे, बड़ा हादसा टला – जांच में जुटी पुलिस

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल : गैलेक्सी इंगोट प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट, दो कर्मी गंभीर रूप से झुलसे, बड़ा हादसा टला – जांच में जुटी पुलिस

चांडिल, 16 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह स्थित गैलेक्सी एक्सपोर्ट इंगोट प्लांट में मंगलवार को हुए फर्नेस ब्लास्ट से दो कर्मी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि एक अन्य कर्मी बाल-बाल बच गया। विस्फोट की तेज आवाज से पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्लांट में नियमित कार्य के दौरान अचानक फर्नेस भट्टी में जोरदार विस्फोट हो गया। उस समय फर्नेस के समीप इलेक्ट्रिशियन बादल विश्वकर्मा, फीटर पुजारी शर्मा तथा एक अन्य कर्मी मौजूद थे। विस्फोट की चपेट में आने से बादल विश्वकर्मा और पुजारी शर्मा बुरी तरह झुलस गए, जबकि तीसरा कर्मी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।

हादसे के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल कर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल भेजा गया। सूत्रों के अनुसार, दोनों घायलों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि घायल बादल विश्वकर्मा बिहार के भागलपुर जिले के निवासी हैं, जबकि पुजारी शर्मा बिहार के अरवल जिले के रहने वाले हैं। हादसे के बाद प्लांट में कार्यरत श्रमिकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल देखा गया।

फिलहाल विस्फोट के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक स्तर पर तकनीकी खराबी या फर्नेस संचालन में किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्लांट प्रबंधन एवं कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली है। वहीं, औद्योगिक सुरक्षा मानकों और फर्नेस संचालन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय आसपास अधिक कर्मी मौजूद होते तो यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था।

Share This Article