स्क्रैप चोरी का खुलासा, 10 टन लोहा बरामद – चार आरोपी गिरफ्तार
गम्हरिया, 23 मई : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना पुलिस ने टाटा स्टील कंपनी गम्हरिया से लोहा स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 टन अवैध लोहा स्क्रैप और चोरी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। बरामद स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सरायकेला-खरसावां द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 मई को गम्हरिया थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा स्टील कंपनी गम्हरिया से भारी मात्रा में लोहा स्क्रैप चोरी कर झारगोविंदपुर रेलवे फाटक के पास जमा किया जा रहा है। वहीं से गिरोह द्वारा स्क्रैप को वाहनों में लोड कर अन्य स्थानों पर भेजने की तैयारी की जा रही थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने झारगोविंदपुर रेलवे फाटक के पास टाटा स्टील कंपनी की बाउंड्री के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बड़ा गम्हरिया निवासी निशांत कुमार पाण्डेय (26), करमा, पुरुलिया निवासी नबीन प्रमाणिक (24), खरसावां निवासी तुषार कुमार महतो (20) तथा साईनगर निवासी अमित कुमार यादव (22) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो (नंबर JH05EH 2727) जब्त की, जिस पर करीब आधा टन लोहा स्क्रैप लदा हुआ था। इसके अलावा घटनास्थल पर जमा करीब 10 टन अवैध लोहा स्क्रैप भी जब्त किया गया।
इस मामले में गम्हरिया थाना कांड संख्या 46/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरोह के फरार मुख्य साथियों राजा हैम्ब्रम, विशाल गोराई और प्रकाश सोरेन समेत अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी रामचंद्र रजक, अरुण कुमार महतो, रोपना राम कांशी, बिशु उरांव, धर्मवीर कुमार पुरण तथा हवलदार रमेश चंद्र महतो शामिल थे।