41 डिग्री की भीषण गर्मी में चिलगु कॉलोनी को राहत, हरे लाल महतो के प्रयास से लगेगा 200 KVA का नया ट्रांसफार्मर
चांडिल, 20 मई : भीषण गर्मी, 41 डिग्री तापमान और उमस भरे मौसम के बीच पिछले एक सप्ताह से बिजली संकट झेल रहे चांडिल प्रखंड अंतर्गत चिलगु कॉलोनी के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं स्थानीय समाजसेवी हरे लाल महतो के प्रयास और सहयोग से क्षेत्र में 200 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले से लगा 100 KVA का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके बाद विभाग द्वारा पुनः 100 KVA का ही ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन अधिक लोड के कारण वह भी कुछ दिनों के भीतर खराब हो गया। लगातार ट्रांसफार्मर खराब रहने से पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था चरमरा गई थी। भीषण गर्मी में सैकड़ों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की स्थिति काफी दयनीय हो गई थी।
ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में 100 KVA क्षमता का ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं था। लोगों ने विभाग से 200 KVA क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए हरे लाल महतो ने बिजली विभाग से लगातार संपर्क कर नया 200 KVA ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाने में अहम भूमिका निभाई। विभाग की ओर से नया ट्रांसफार्मर तो उपलब्ध करा दिया गया, लेकिन उसे स्थापित करने के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा मौजूद नहीं था, जिससे नई परेशानी खड़ी हो गई।
ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने पर हरे लाल महतो ने फिर पहल करते हुए निजी खर्च से ट्रांसफार्मर के लिए पक्का चबूतरा निर्माण कार्य शुरू करवाया। अब ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू होते ही ग्रामीणों में खुशी देखी जा रही है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही नियमित बिजली आपूर्ति बहाल होगी और उन्हें भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।