रांची को वाराणसी, रायपुर और गुवाहाटी से जोड़ने के लिए शुरू हो सीधी उड़ानें : संजय सेठ

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

रांची को वाराणसी, रायपुर और गुवाहाटी से जोड़ने के लिए शुरू हो सीधी उड़ानें : संजय सेठ


रांची, 20 मई : राजधानी रांची स्थित भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में बुधवार को यात्री सुविधाओं के लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने एयरपोर्ट के समग्र विकास को लेकर अपने विचार रखे और कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड की राजधानी रांची को देश के प्रमुख शहरों से और अधिक सशक्त रूप से जोड़ने की आवश्यकता है। इसके लिए वाराणसी, रायपुर, गुवाहाटी सहित अन्य महत्वपूर्ण शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
संजय सेठ ने रांची एयरपोर्ट के विस्तारीकरण, आधुनिक यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा इसे देश के चुनिंदा विकसित एयरपोर्ट्स की श्रेणी में शामिल करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में रांची एयरपोर्ट ने यात्री सुविधाओं और संचालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों के लोग भी हवाई यात्रा के लिए रांची एयरपोर्ट को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आने वाले समय में रांची एयरपोर्ट और अधिक आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर पूर्वी भारत के महत्वपूर्ण विमानन केंद्र के रूप में उभरेगा।
कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। इसके साथ ही कई नई यात्री सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। यात्री सुविधाओं के तहत 10 रुपये में चाय और कॉफी उपलब्ध कराने वाली विशेष स्टॉल उड़ान कैफे का भी उद्घाटन किया गया। यहां बच्चों के लिए प्ले जॉन, लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। इस समारोह में भाग लेने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मनोहर नायडू बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ माजी, हटिया विधायक नवीन जायसवाल आदि प्रमुख जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही

Share This Article