ऑटो क्लस्टर मार्ग बना कचरा डंपिंग ज़ोन, औद्योगिक क्षेत्र की छवि पर उठे सवाल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ऑटो क्लस्टर मार्ग बना कचरा डंपिंग ज़ोन, औद्योगिक क्षेत्र की छवि पर उठे सवाल

आदित्यपुर, 20 मई : औद्योगिक नगरी आदित्यपुर का प्रमुख ऑटो क्लस्टर मार्ग इन दिनों कचरे के ढेर में तब्दील होता जा रहा है। सड़क किनारे ही नहीं, बल्कि कई जगहों पर बीच सड़क तक फैले कचरे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं आईटी क्षेत्र को जोड़ने वाली इस सड़क की बदहाल स्थिति ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ वाहन चालक, दुकानदार और आसपास के लोग खुलेआम सड़क किनारे कचरा फेंक रहे हैं। धीरे-धीरे यह स्थान अनधिकृत डंपिंग ज़ोन का रूप लेता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि सड़क से गुजरने वाले लोगों को दुर्गंध, गंदगी और जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बरसात शुरू होने से पहले ही लोगों ने संक्रमण फैलने की आशंका भी जताई है।

वार्ड 11 की पार्षद मंजू देवी ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। उनका कहना है कि यह मार्ग अस्पताल, औद्योगिक इकाइयों और आईटी सेक्टर को जोड़ता है, इसलिए यहां नियमित सफाई व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम फिलहाल अतिक्रमण हटाने के अभियान में व्यस्त है, लेकिन शहर की मूलभूत सफाई व्यवस्था की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। लोगों ने मांग की है कि ऑटो क्लस्टर मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए।

नागरिकों ने प्रशासन से सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या आने वाले दिनों में और गंभीर रूप ले सकती है।

Share This Article