पीवीटीजी समुदायों के लिए जिले के विभिन्न पंचायतों में लगा जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण शिविर
सरायकेला, 19 मई : जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 अंतर्गत पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों के चिन्हित ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों से योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर में स्वास्थ्य जांच, दस्तावेज सत्यापन, पेंशन, राशन कार्ड, आधार, आवास, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागीय योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। साथ ही शिविर में विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर पात्र लाभुकों से अधिकाधिक आवेदन प्राप्त किया गया।
ज्ञात हो कि यह विशेष अभियान 18 से 25 मई तक जिले के चिन्हित जनजातीय क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उन्हें सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है। अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक मामलों का नियमानुसार ऑन-द-स्पॉट निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।