03 अवैध चुलाई अड्डे ध्वस्त, 2100 किलोग्राम जावा महुआ एवं 60 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद
सरायकेला, 18 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत भुवा जंगल एवं गम्हरिया थाना अंतर्गत जामजोड़ा गांव में सोमवार को उत्पाद विभाग द्वारा छापामारी अभियान चलाया गया। उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देशानुसार उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक, मोबाइल टास्क फोर्स नीरज कुमार के नेतृत्व में चलाए गए छापामारी अभियान के दौरान कुल 03 अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया।
इसके साथ ही लगभग 2100 किलोग्राम जावा महुआ एवं 60 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद अवैध उत्पाद को जप्त करते हुए संबंधित अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री संबंधी किसी भी सूचना की जानकारी संबंधित विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिले में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।