बिजली गुल होते ही ठप पड़ जाता है चौका सब पोस्ट ऑफिस का कामकाज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बिजली गुल होते ही ठप पड़ जाता है चौका सब पोस्ट ऑफिस का कामकाज

चांडिल, 16 मई : चांडिल प्रखंड अंतर्गत चौका स्थित सब पोस्ट ऑफिस पूरी तरह बिजली व्यवस्था के भरोसे संचालित हो रहा है। यहां बिजली आपूर्ति बाधित होते ही डाकघर का समूचा कामकाज ठप पड़ जाता है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि पोस्ट ऑफिस में न तो जनरेटर की व्यवस्था है और न ही इनवर्टर की सुविधा उपलब्ध है। इसके कारण बिजली कटते ही उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शनिवार को लंबे समय तक बिजली गुल रहने के कारण चौका सब पोस्ट ऑफिस का कार्य पूरी तरह बाधित रहा। डाकघर में पैसे की निकासी, जमा, आधार लिंकिंग, स्पीड पोस्ट, बचत खाता, पेंशन भुगतान तथा अन्य ऑनलाइन सेवाएं बंद रहीं। दूर-दराज से पहुंचे उपभोक्ता घंटों इंतजार करने के बाद बिना काम कराए ही वापस लौट गए। इससे लोगों में काफी नाराजगी देखी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान समय में डाकघर की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित होती हैं, जिसके लिए लगातार बिजली आपूर्ति आवश्यक है। बावजूद इसके चौक सब पोस्ट ऑफिस में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था नहीं होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।

उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली कटने की स्थिति में अक्सर काम बंद हो जाता है, जिससे आम लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है।
इसके अलावा पोस्ट ऑफिस परिसर में वाहन पार्किंग की सुविधा नहीं होने से भी उपभोक्ताओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। डाकघर आने वाले कई लोग अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़ा करने को मजबूर होते हैं। इससे सड़क पर जाम एवं दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण हमेशा असुविधा बनी रहती है।

ग्रामीणों एवं उपभोक्ताओं ने डाक विभाग से अविलंब जनरेटर, इनवर्टर तथा पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके और डाकघर का कामकाज सुचारु रूप से चलता रहे।

Share This Article