प्रसव के दौरान स्वास्थ्य सहिया एवं नवजात की मृत्यु मामले में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची सांसद

Manbhum Updates
3 Min Read

प्रसव के दौरान स्वास्थ्य सहिया एवं नवजात की मृत्यु मामले में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची सांसद

पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत 4 लाख एवं 20 हजार का चेक प्रदान किया गया

राजनगर, 06 मई : सरायकेला – खरसावां जिला के राजनगर प्रखंड अंतर्गत हेरमा पंचायत के हाथीसिरिंग गांव निवासी स्व. बिनीता बानरा के निधन बाद बुधवार को सांसद जोबा माझी उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की गई। इस दौरान परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत 4 लाख मुआवजा राशि और 20 हजार की तत्काल सहायता राशि का चेक प्रदान किया। प्रशासन की ओर से मानवीय संवेदनाओं के तहत परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। मौके पर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह, सिविल सर्जन एवं अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

इस दौरान सांसद ने कहा कि एक मां की असामयिक मृत्यु के बाद परिवार एवं बच्चों ने जो अपूरणीय क्षति झेली है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सहायता राशि परिवार को आर्थिक संबल उपलब्ध कराने एवं कठिन परिस्थिति में सहयोग देने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन इस घटना को अत्यंत गंभीरता से ले रहा है तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, दुर्व्यवहार या कर्तव्य में कोताही स्वीकार्य नहीं होगी। प्राप्त शिकायतों के आलोक में संबंधित चिकित्सकों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर कार्यसंस्कृति, जवाबदेही एवं आमजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने हेतु सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त ने कहा कि बच्चों (दो बेटियों) की शिक्षा निरंतर जारी रखने हेतु आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा तथा आवश्यकता अनुसार आगे आवासीय विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल की जाएगी। साथ ही आश्रित पति को निकटवर्ती स्वास्थ्य उपकेंद्र में आउटसोर्सिंग के माध्यम से योग्यतानुसार रोजगार से जोड़ने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि बीमा/इंश्योरेंस से संबंधित प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत नियमानुसार संबंधित राशि भी परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी।

Share This Article