जमशेदपुर, 23 अप्रैल : शहर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया, जिसने पलभर में खुशियों भरी वापसी को दर्दनाक घटना में बदल दि। रंग गेट के समीप हुई इस दुर्घटना में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य सरायकेला से एक शादी समारोह में शामिल होकर सरजामदा लुपुंगटोला लौट रहे थे। इसी दौरान तड़के के समय चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर से पहले कार ने एक बाइक सवार दंपति को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि दंपति को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। कार में सवार बुजुर्ग, महिला और बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों में एक बुजुर्ग, जो रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी बताए जा रहे हैं, को गंभीर अवस्था में रेलवे अस्पताल जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है। वहीं परिवार के दो अन्य सदस्यों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर इस बात की चेतावनी देता है कि वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही, खासकर नींद या थकान, बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार लंबी यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम और सतर्कता बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।