जमशेदपुर, 17 अप्रैल : पलाशबनी पंचायत की अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट संख्या 67 से वर्ष 2022 में निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य भरत राम लोहरा के विरुद्ध गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्होंने फर्जी जाति प्रमाण-पत्र के आधार पर चुनाव लड़कर यह पद प्राप्त किया है। इस संबंध में ग्राम सभा छोटा बांकी एवं बिरसा सेना ने संयुक्त रूप से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। शुक्रवार को ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल भारत राम लोहरा का जाति प्रमाण-पत्र रद्द किया जाए, उन्हें पंचायत समिति सदस्य पद से हटाया जाए और उनके पिता एवं माता के नाम से की गई सभी अवैध बंदोबस्तियों को रद्द किया जाए।
ग्राम सभा का आरोप है कि पंचायत समिति सदस्य भरत राम लोहरा इस क्षेत्र के मूल खतियानधारी नहीं हैं तथा उनके परिवार का स्थायी निवास इस क्षेत्र में नहीं रहा है। उनके द्वारा प्रस्तुत जाति प्रमाण-पत्र संख्या JHCST/2022/194655, दिनांक 04/05/2022 कथित रूप से नियमों के विपरीत जारी किया गया है। झारखंड सरकार के प्रावधानों के अनुसार अनुसूचित जनजाति का लाभ हेतु 06.09.1950 से पूर्व का स्थायी निवास अथवा 1964 के खतियान का आधार होना आवश्यक है, जो इस मामले में संदिग्ध है। आरोप है कि भरत राम लोहरा मूल रूप से कुमार (EBC-1) श्रेणी से संबंधित हैं, न कि अनुसूचित जनजाति से।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान विद्याधर सिंह, मुखिया प्रतिनिधि सुफल सिंह, दिनकर कच्छप, हरमोहन सिंह, पूजा कर्मकार, मीना लोहार, आशा लोहार, शकुंतला कर्मकार, पुर्णिमा कर्मकार, दुखू मार्डी, पूर्व मुखिया जगदीश सिंह, जय सिंह भूमिज, बसंती सिंह, बुद्धेश्वरी सिंह, रजनी सिंह, फुलमनी सिंह, बुधनी कर्मकार, कमला सिंह, अजय सिंह, ललटू सिंह, मंगल टुडू, सिमरन किस्कू, दिकू मुर्मू, उप मुखिया जोगेंद्र भगत आदि उपस्थित थे।