
कुकडू, 08 अप्रैल : गर्मी के बढ़ते असर के बीच सरायकेला-खरसावां जिले के रांची डिवीजन अंतर्गत हेंसालौंग रेलवे स्टेशन पर पेयजल की गंभीर समस्या सामने आई है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि स्टेशन परिसर में मौजूद एकमात्र चापानल को विभागीय स्तर पर बंद कर ताला लगा दिया गया था, जिससे यात्रियों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा था। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को इस वजह से खासा परेशान होना पड़ा। कई यात्री अपने साथ पानी की बोतल लेकर चलते हैं, लेकिन जिनके पास यह सुविधा नहीं होती, उन्हें अधिक दिक्कत झेलनी पड़ती है।
यात्रियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में ऐसी स्थिति बेहद चिंताजनक है और यह समस्या सिर्फ हेंसालौंग स्टेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के कई अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।




