बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, कहीं ओलावृष्टि और तेज हवा का अलर्ट – जानिए क्या कह रहा मौसम विभाग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

 

रांची, 31 मार्च : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ क्षेत्रों में तेज हवा और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 1 अप्रैल को उत्तर एवं मध्य झारखंड के कई जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 2 और 3 अप्रैल को मौसम सामान्य रहने और आसमान साफ रहने की उम्मीद है।

हालांकि 4 अप्रैल से फिर मौसम में बदलाव होगा और उत्तर-पश्चिमी एवं मध्य क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। 5 और 6 अप्रैल को भी राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है।

Share This Article