एनएच पर सुरक्षा इंतजाम नदारद, डिवाइडर पर चढ़ा वाहन—बड़ा हादसा टला

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल, 30 मार्च : राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर सामने आई है। चौका क्षेत्र में सर्विस रोड शुरू होने वाले स्थान पर पर्याप्त संकेतक (साइनेज) और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में एक वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना सोमवार रात की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित स्थान पर रेडियम युक्त साइनेज नहीं हैं, जिससे रात के समय वाहन चालकों को सर्विस रोड और मुख्य मार्ग के विभाजन का स्पष्ट संकेत नहीं मिल पाता। यही कारण है कि आए दिन वाहन चालक भ्रमित होकर डिवाइडर पर चढ़ जाते हैं।

बताया जाता है कि इससे पहले भी करीब एक दर्जन वाहन इसी स्थान पर डिवाइडर पर चढ़ चुके हैं। पूर्व में एनएचएआइ द्वारा काला-पीला पट्टी वाला संकेतक लगाया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में वह भी किसी वाहन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद से अब तक वहां कोई नया संकेतक नहीं लगाया गया है।

स्थिति और गंभीर इसलिए भी है क्योंकि सर्विस रोड की शुरुआत वाले स्थान पर न तो कोई गतिरोधक (स्पीड ब्रेकर) बनाया गया है और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। इसके अलावा सड़क के बीच लगे कई स्ट्रीट लाइट भी बंद पड़े हैं, जिससे रात में दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द रेडियम साइनेज, स्पीड ब्रेकर और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Share This Article