चांडिल में सड़क हादसा: गांगूडीह की कलावती देवी की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

चांडिल, 17 मार्च: सरायकेला-खरसावाँ जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल–पुरुलिया नए मार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में गांगूडीह निवासी कलावती देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलावती देवी सड़क पार कर रही थीं, तभी पुरुलिया की ओर से घोड़ानेगी की दिशा में जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है मृतका घोड़ानेगी में मजदूरी का काम करती थी। वह प्रतिदिन की तरह आज भी मजदूरी करने जा रही थी, उस वक्त ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने सड़क पर यातायात सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से तत्काल प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया है कि हादसे के कारणों की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और नियमित पुलिस गश्त की मांग दोहराई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



