ईचागढ़, 7 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत चिमटिया गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला के सचिव तौसीफ मेराज के निर्देशानुसार डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को उनके मौलिक अधिकारों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान असंगठित मजदूर निबंधन कार्ड, आशा योजना के तहत मिलने वाले लाभ, पालन-पोषण से जुड़े अधिकारों सहित चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मैया सम्मान योजना, सावित्रीबाई फुले योजना एवं नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पीएलवी कार्तिक गोप ने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी या सामाजिक समस्या होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और जानकारी को गंभीरता से सुना।




