खूंटी में गो-तस्करी का बड़ा खुलासा, 102 गोवंशीय पशु बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

खूंटी, 15 जनवरी : खूंटी जिले में पुलिस ने गो-तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 102 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 जनवरी की शाम पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि खूंटी थाना क्षेत्र के मान्हु गांव में गो-तस्करों द्वारा परिवहन के उद्देश्य से बड़ी संख्या में गायों को एकत्र कर रखा गया है।
सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल जब ग्राम मान्हु स्थित एक चाहरदिवारी के पास पहुंचा तो अंदर मौजूद चार व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान वहां से कुल 102 गोवंशीय पशु, चार मोबाइल फोन तथा नकद 23,260 रुपये बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बंगाल के रास्ते गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर मांस व्यापार करने की योजना स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मझबुल चौधरी (52 वर्ष), कासिम अंसारी (42 वर्ष), जयनाल चौधरी (47 वर्ष) एवं गुलफान अंसारी (29 वर्ष) के रूप में की गई है।
इस संबंध में खूंटी थाना में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं एवं झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गो-तस्करी और अवैध पशु परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



