विश्व ब्रेल दिवस पर माझीडीह में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

कुकड़ू, 04 जनवरी : विश्व ब्रेल दिवस के अवसर पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के निर्देशानुसार कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत माझीडीह ग्राम में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को हर वर्ष 4 जनवरी को मनाए जाने वाले विश्व ब्रेल दिवस के महत्व की जानकारी दी गई। बताया गया कि यह दिन करोड़ों दृष्टिहीन लोगों के साहस, आत्मनिर्भरता और संघर्ष को सम्मान देने का प्रतीक है, जो ब्रेल लिपि के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर आत्मविश्वास के साथ जीवन जी रहे हैं।
शिविर में वक्ताओं ने कहा कि ब्रेल केवल पढ़ने-लिखने की प्रणाली नहीं, बल्कि दृष्टिहीन व्यक्तियों के लिए ज्ञान और सम्मान की रोशनी है, जिसके माध्यम से वे उंगलियों के स्पर्श से दुनिया को समझते हैं। साथ ही विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई।
इस जागरूकता अभियान में पैरा लीगल वालंटियर विकास चंद्र महतो, फागुराम महतो, मस्तान सिंह महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



